बहराइच पुलिस को बड़ी सफलता, 48 घंटे के भीतर बीसी संचालक से हुई लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार।
Oplus_131072
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद बहराइच पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना पयागपुर क्षेत्र में बीसी संचालक से हुई लूट की वारदात का मात्र 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो दिन पूर्व इंडियन बैंक के बीसी संचालक अयोध्या प्रसाद से थाना पयागपुर क्षेत्र के भिगुरी पुल के पास नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पयागपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों के निर्देशन में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट के 2,10,400 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, पीओएस मशीन तथा घटना से संबंधित अन्य प्रपत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि इस सफलता में थाना पयागपुर पुलिस सहित गठित टीमों की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास सहित अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
(विश्वजीत श्रीवास्तव- पुलिस अधीक्षक बहराइच)
