डीएम की अध्यक्षता में तहसील महसी में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 18 जुलाई।
आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह जुलाई के द्वितीय शनिवार को तहसील महसी में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, डीडीओ राज कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई की और निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
डीएम ने क्षेत्र के व्यक्तियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होनें स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायत के निस्तारण से शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि आईसीडीएस विभाग के स्टाल के निरीक्षण के दौरान डीएम ने 05 गर्भवती महिलाओं अंजू, शशी, सोनी, अल्का व अंजली देवी की गोद भराई की तथा 02 बच्चे अंजनी व मंजू देवी को अन्प्रासन कराया।
उल्लेखनीय है कि तहसील महसी में प्राप्त 75 प्रार्थना-पत्रों में से 05 का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील कैसरगंज में प्राप्त 52 प्रार्थना-पत्रों के सापेक्ष 07, तहसील सदर बहराइच में प्राप्त 33 के सापेक्ष 02, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 15 के सापेक्ष 01, नानपारा में प्राप्त 40 के सापेक्ष 06 व पयागपुर में प्राप्त 31 प्रार्थना-पत्रों के सापेक्ष 04 का मौके पर निस्तारण किया गया।
