रिसिया में अज्ञात कारणों से भीषण आग से अनस सूट सेंटर जलकर खाक, लाखों रुपये के कपड़े जले !
दुकान बंद कर सो रहा था परिवार, रात करीब पौने तीन बजे घर में धुआं भरने पर मची अफरा-तफरी !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया कस्बे के इंदिरा नगर मोहल्ले में स्थित अनस सूट सेंटर में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखे लाखों रुपये के कपड़े जलकर राख हो गए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक अब्दुल अहद ने बताया कि घर में ही कपड़े की दुकान संचालित होती है। शनिवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद करने के बाद परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। रात करीब पौने तीन बजे घर में धुआं भरने लगा तो परिवार के लोगों की नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो कपड़े की दुकान में आग की लपटें उठ रही थीं। इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
