संत कबीर नगर- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 136 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, विधायक और सीडीओ ने दिया आशीर्वाद ।
संत कबीर नगर ।
संत कबीर नगर जिले में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह’ योजना के अंतर्गत मंगलवार को एक भव्य और अनुशासित समारोह का आयोजन किया गया। धनघटा रोड स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन (सियरा सांथा) में जिले के विभिन्न विकास खंडों और नगर पंचायतों से आए कुल 136 जोड़ों का विवाह पूर्णतः धार्मिक रीति-रिवाजों और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान नवदंपत्तियों को लैंगिक समानता की शपथ भी दिलाई गई।

132 हिंदू और 4 मुस्लिम जोड़ों का हुआ विवाह –
जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आज के इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में खलीलाबाद, नाथनगर, पौली और हैंसर बाजार विकास खंडों के साथ-साथ हैसर बाजार, खलीलाबाद व मगहर नगर पंचायतों के वर-वधू शामिल हुए। कुल 136 जोड़ों में से 132 जोड़ों का विवाह हिंदू परंपरा के अनुसार गायत्री परिवार के विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि 04 जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार मौलवी/काजी द्वारा कराया गया।


सरकार उठा रही है बेटी के जन्म से लेकर शादी तक का खर्च-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जयकेश त्रिपाठी ने नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी –
आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। बिना किसी जाति या धर्म के भेदभाव के आज हर गरीब बेटी की शादी सम्मान के साथ कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी विदाई तक की सभी जिम्मेदारियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वयं वहन कर रही है, जिससे अब कोई भी गरीब परिवार अपनी बेटी की शादी को लेकर बोझ महसूस नहीं करता।

ये अधिकारी रहे मौजूद –
समारोह के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने सभी आगंतुकों, वर-वधू पक्ष और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, संबंधित खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी गरिमा पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

