जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर तीसरे दिन भी जारी रहा प्रशिक्षण, खलीलाबाद में 550 प्रगणक और सुपरवाइजर हुए प्रशिक्षित।
संतकबीरनगर ।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। इसी क्रम में, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश के मार्गदर्शन में आज (मंगलवार) लगातार तीसरे दिन भी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रभा देवी डिग्री कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान तहसील खलीलाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों के 450 तथा नगर पालिका खलीलाबाद के 100 यानी कुल 550 प्रगणकों (Enumerators) और सुपरवाइजरों (Supervisors) को जनगणना कार्यों की बारीकियों का तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों को विस्तार से समझाया ताकि मैदानी स्तर पर डेटा जुटाने का कार्य त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, तहसीलदार खलीलाबाद अनुराग यादव, राजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा, नगर पालिका खलीलाबाद के अधिशाषी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी, सभी प्रगणक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
