नानपारा और नेपालगंज रोड गुड्स शेड से अब पूर्ण रेक में माल की लोडिंग-अनलोडिंग !
नेपाल और सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापारियों को मिलेगा माल परिवहन का बेहतर रेल विकल्प !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
नानपारा, बहराइच।
व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए बड़ी राहत की खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने नानपारा एवं नेपालगंज रोड स्टेशनों के गुड्स शेड को पूर्ण रेक के आवक एवं जावक माल यातायात के लिए खोल दिया है। इस सुविधा से नेपाल तथा भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापारियों को बड़ी मात्रा में माल मंगाने और भेजने के लिए बेहतर रेल परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गुड्स शेड पर उर्वरक, नमक, सीमेंट, खाद्यान्न तथा रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) की लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। पूर्ण रेक की सुविधा मिलने से व्यापारी एक साथ बड़ी मात्रा में माल का परिवहन कर सकेंगे। इससे थोक व्यापारियों के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों और कृषि एवं खाद्य क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
सीमावर्ती कारोबार को मिलेगी गति –
नानपारा और नेपालगंज रोड गुड्स शेड की सुविधा नेपाल एवं भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापार करने वाले कारोबारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। रेल के माध्यम से बड़े पैमाने पर माल की आवाजाही का विकल्प मिलने से निर्माण सामग्री, कृषि उत्पाद, खाद्यान्न समेत विभिन्न वस्तुओं की आपूर्ति को अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।

रेलवे के अनुसार माल की आवक-जावक बढ़ने से स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक, परिवहन, हैंडलिंग और भंडारण जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यावसायिक अवसर बढ़ने की संभावना है।
व्यापारियों से सुविधा का लाभ उठाने की अपील-
रेलवे प्रशासन ने नेपाल एवं सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापारियों, उद्योगों तथा माल ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार नानपारा एवं नेपालगंज रोड गुड्स शेड की पूर्ण रेक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। बड़ी मात्रा में माल की आवक-जावक के लिए रेल परिवहन को लॉजिस्टिक विकल्प के रूप में अपनाने से व्यापारियों को सुविधा मिल सकेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की यह पहल सीमावर्ती क्षेत्र में माल परिवहन की क्षमता बढ़ाने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
