डीएम अनुज मलिक ने सीएमओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित चिकित्सकों व कर्मियों को नोटिस जारी !
संतकबीर नगर !
जिलाधिकारी अनुज मलिक द्वारा संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से आम जनमानस और मरीजों को चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस और बायोमेट्रिक उपस्थिति के निर्देश –
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई चिकित्सक और कर्मचारी समय से अनुपस्थित पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, सीएमओ को व्यवस्था में सुधार लाने तथा ड्यूटी के शुरू और समाप्त होने के समय बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई और दवाओं के रख-रखाव पर सख्ती –
अस्पताल परिसर और अंदर साफ-सफाई का अभाव मिलने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित एजेंसी व सफाई कर्मियों को नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई तथा छिड़काव करने के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा, पत्रावलियों और अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव न मिलने पर संबंधित पटल सहायकों को जरूरी निर्देश दिए गए।

बाहर की दवा लिखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी –
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार द्वारा मिलने वाली सभी आवश्यक दवाइयां अस्पताल से ही मिलनी चाहिए और किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया से चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने तथा दूर-दराज से आने वाले मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया सहित अन्य चिकित्सक, चिकित्सालय के कर्मचारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
