मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी गिरफ्तारः पैर में लगी गोली, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था बदमाश!
गोरखपुर -
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात 3:20 बजे 15 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है।
जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्या, लूट समेत 19 मुकदमे बदमाश के खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। रंगदारी के मामले में वह काफी दिनों से फरार चल रहा था। बदमाश की पहचना खजनी के भीटी खोरिया के जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और प्लेटिना बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। खजनी थाना और एंटी थेप्ट सेल की संयुक्त कार्रवाई में इनामी पकड़ा गया।

जरलही पुल के पास मुठभेड़ हुई-
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मंगलवार की देर रात सूचना मिली कि खजनी थाने से वांछित जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन बाघागाड़ा की तरफ से आकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नियत से जरलही पुल से होते हुए उनवल की तरफ जाने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम जरलही पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। देर रात करीब 3:15 बजे एक संदिग्ध बाइक से आता दिखा। पुलिस ने टार्च की रोशनी दिखाकर और जोर से आवाज देकर उसे रुकने को कहा गया। आवाज सुनकर बाइक सवार पुल पर ही गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। तभी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सवार वहीं लड़खड़ा कर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण के लिए कहा गया। चारो तरफ से गिरा देख बदमाश ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। अभी एक ही गोली चलाया था। तभी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर उसके बाएं पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया।
इनामी जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन पर चिलुआताल, कैंट, गोरखनाथ, शाहपुर, कोतवाली, बेलीपार, खजनी, बांसगांव में हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर समेत कुल 19 मुकदमा दर्ज है। एसपी साउथ ने बताया कि खजनी थाने के प्रभारी जयंत कुमार सिंह और एंटी थेप्ट सेल प्रभारी सुनील कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुठभेड़कर इनामी को गिरफ्तार किया है।

