ब्लॉक मुख्यालय पर शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा परिसर।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
रिसिया स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ब्लॉक मुख्यालय परिसर में पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा फहराया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल, बीडीओ सचिन कुमार भारती एवं एडीओ पंचायत महेश मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।

ध्वजारोहण के बाद बीडीओ सचिन कुमार भारती एवं प्रधान संघ अध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर पीआरडी जवानों की बाइक रैली को रवाना किया। बाइक रैली के माध्यम से जवानों ने क्षेत्र में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। रैली के रवाना होते ही परिसर में मौजूद लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। पूरे ब्लॉक परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
