टीशू पेपर के डिब्बों में छिपी थी मौत की खेप ! संतकबीरनगर पुलिस ने पकड़ा 50 लाख का अवैध गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार।
खलीलाबाद / संतकबीरनगर।
संतकबीरनगर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बहुत बड़ा सनसनीखेज खुलासा किया है। नेशनल हाईवे-27 पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान टीशू पेपर के भारी-भरकम बंडलों की आड़ में उड़ीसा से पंजाब तस्करी कर ले जाया जा रहा 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
इस शातिर तस्करी का पर्दाफाश थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मगहर पुलिस चौकी के पास किया है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी दबोच लिया है।
यूं बिछाया था खाकी ने जाल-
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में 12-13 अगस्त की रात मगहर चौकी के पास NH-27 पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गोरखपुर की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध अशोका लीलैण्ड डीसीएम वाहन को रुकने का इशारा किया गया।
वाहन के अंदर दो लोग सवार थे—चालक चंचल सिंह और उसका साथी राहुल, दोनों मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए गाड़ी में सिर्फ ‘टीशू पेपर’ लदे होने की बात कही।
जब खुली टीशू पेपर के नीचे छिपी काली करतूत –
पुलिस टीम को जब शक हुआ और उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की, तो तस्करों के होश उड़ गए। उन्होंने स्वीकार किया कि टीशू पेपर के बंडलों के ठीक पीछे 07 बोरियों में छिपाकर यह अवैध गांजा उड़ीसा से पंजाब ले जाया जा रहा था।
सावन और कांवड़ यात्रा से बचा रहे थे रास्ता-
तस्करों ने पूछताछ में एक चौंकाने वाला राज खोला। श्रावण मास में प्रयागराज और आसपास के इलाकों में कांवड़ियों की भारी भीड़ और पुलिस की सख्त बैरिकेडिंग व चेकिंग को देखते हुए, उन्होंने शातिर तरीके से रूट बदला था। वे पुलिस की नजरों से बचने के लिए प्रयागराज के बजाय बनारस और गोरखपुर के रास्ते पंजाब निकलने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण-
- चंचल सिंह (पुत्र टरसेम सिंह) – निवासी: आदर्श नगर, थाना- 07 नंबर डिविजन, लुधियाना, पंजाब। (शिक्षा: अनपढ़, पेशा: मजदूर)।
- राहुल (पुत्र उमेश कुमार) – निवासी: बाबा जीवन सिंह नगर, लुधियाना, पंजाब। (शिक्षा: 8वीं पास, पेशा: ड्राइवर)।
भारी-भरकम बरामदगी –
- 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा-
- घटना में प्रयुक्त 01 अशोका लीलैण्ड डीसीएम वाहन (धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज)।
- 3 मोबाइल फोन और 01 पर्स।
- 5 ड्राइविंग लाइसेंस (DL), 01 एटीएम कार्ड और 01 पैन कार्ड।
- 500 रुपये नकद।
खाकी की बड़ी सफलता पर इनाम की घोषणा-
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर के कुशल नेतृत्व में इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करने वाली थाना कोतवाली खलीलाबाद, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की इस बहादुरी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उड़ीसा में इन तस्करों का नेटवर्क किससे जुड़ा था और पंजाब में यह माल किसे डिलीवर होना था।
(संदीप कुमार मीना – पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर)
