संतकबीर नगर में साइबर ठगों को बड़ा झटका: बैंक कस्टमर केयर बनकर उड़ाई गई ₹3.81 लाख से अधिक की रकम पुलिस ने कराई वापस!
संतकबीर नगर-
खाते से पलक झपकते ही खून-पसीने की कमाई उड़ जाने का दर्द क्या होता है, यह पीड़ित अवधेश कुमार से बेहतर कोई नहीं जानता। बैंक का नकली कस्टमर केयरकर्मी बनकर शातिर ठगों ने एटीएम अपडेट करने के नाम पर ऐसा जाल बिछाया कि देखते ही देखते ₹6,26,000 की भारी-भरकम रकम पर हाथ साफ कर दिया गया।
लेकिन इस शातिर खेल का अंत तब हुआ जब पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के सख्त निर्देशों पर चल रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम अभियान’ ने रफ्तार पकड़ी। साइबर क्राइम थाना पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता के आगे साइबर ठगों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
अथक प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के बल पर पुलिस टीम ने ठगी गई कुल रकम में से ₹3,81,966.63 की बड़ी धनराशि को सुरक्षित वापस निकलवाकर पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर करा दिया है।
बड़ी राहत-
संतकबीर नगर साइबर क्राइम थाना पुलिस की इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हो गया है कि साइबर ठग चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न बरतें, खाकी की पैनी नजर से बचना नामुमकिन है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष पुलिस टीम:-
- जयप्रकाश चौबे (प्रभारी निरीक्षक)।
- रमेश यादव (उपनिरीक्षक)।
- रामप्रवेश मद्देशिया (कांस्टेबल)।
- सौरभ यादव (कांस्टेबल)।
