मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, कस्बों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, महिला शक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर समेत विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930, एंबुलेंस सेवा-108 और स्वास्थ्य हेल्पलाइन-102 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।
महिला पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

