नकबजनी का खुलासा: तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के आभूषण, नकदी व बाइक बरामद।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस ने नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, पीतल के बर्तन, नकद 6,050 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने एक मंदिर से श्री राधाकृष्ण की मूर्ति चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र नाथ राय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आनंदपुर मोड़ के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार 27/28 जुलाई की रात थाना रानीपुर क्षेत्र के ग्राम दहौरा में हुई चोरी के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज लोधी (23 वर्ष), सुभाष लोधी (22 वर्ष) और राजेन्द्र लोधी (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
बरामदगी में दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, कड़ा, पीली धातु की बाली, पीतल के बर्तन, 6,050 रुपये नकद तथा हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP43 BJ 2736) शामिल है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। थाना रानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
