शेयर मार्केट धोखाधड़ी मामले में 1 करोड़ की संपत्ति कुर्क, गिरोह ने की थी करोड़ों की ठगी।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीरनगर-
आज दिनांक 28 जुलाई जनपद के महुली थाना और साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत मुख्य अभियुक्तों की लगभग *1 करोड़ रुपये* मूल्य की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। यह जनपद में इस प्रकार की अब तक की प्रथम एवं सबसे बड़ी कुर्की की कार्रवाई है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई है।
कुर्क की गई संपत्ति:- मुख्य अभियुक्तों धनंजय शुक्ला और रजनी प्रजापति के स्वामित्व वाली प्लॉट संख्या-61, जेबी वैली गार्डन, थाना पारा, लखनऊ स्थित संपत्ति को जब्त किया गया है।
संपत्ति का मूल्य:- यह प्लॉट अभियुक्तों द्वारा लगभग 65 लाख रुपये में खरीदा गया था, जिसकी वर्तमान अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।
अन्य संपत्ति पर भी प्रक्रिया जारी:- सह-अभियुक्त विक्रांत प्रकाश सिंह की लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को भी चिन्हित किया गया है, जिसकी जब्ती के लिए धारा 107 BNSS के तहत रिपोर्ट न्यायालय में विचाराधीन है।
आपको बताते चलें कि दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को थाना महुली पर वादी संतलाल मौर्य (निवासी- हटवा, महुली) ने तहरीर दी थी कि TVs Solution Company के संचालक धनंजय शुक्ला और उनकी सहयोगी रजनी प्रजापति ने शेयर मार्केट में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर उनसे 51,00,000/- रुपये की ठगी कर ली। निवेश की अवधि पूरी होने के बाद अभियुक्त अपना कार्यालय बंद कर मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके फरार हो गए थे।
इस शिकायत पर थाना महुली में मुकदमा अपराध संख्या 384/2025 (धारा 318(4), 316(2) BNS) दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना उप-निरीक्षक श्री ललित कांत यादव द्वारा की जा रही है।
पोंजी स्कीम के जरिए फैलाया गया जाल –
विवेचना के दौरान बैंक अभिलेखों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच से चौंकाने वाला खुलासा हुआ:
इस कंपनी द्वारा विभिन्न जनपदों के तमाम निवेशकों से 15 से 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि ठगी गई थी।
ठगी का यह पूरा खेल Ponzi/Pyramid Pattern पर चल रहा था। यानी, शेयर मार्केट में पैसा लगाने के बजाय नए निवेशकों से मिलने वाले पैसों से पुराने निवेशकों को थोड़ा बहुत भुगतान कर निवेश का फर्जी भ्रम पैदा किया जाता था। अब तक की गई गिरफ्तारियां:
पुलिस ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह के मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार कर पहले ही न्यायालय भेज दिया है:
1. धनंजय शुक्ला पुत्र विपिन बिहारी शुक्ला, निवासी- मुंडेरा उपाध्याय, हाटा, कुशीनगर।
2. रजनी प्रजापति पुत्री खेमकरन प्रजापति , निवासी- पुलिस लाइन, बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
3. विक्रांत प्रकाश सिंहपुत्र विद्या प्रकाश सिंह, निवासी- गायघाट, महुली, संतकबीर नगर।
4. सत्यप्रकाश यादव पुत्र रामलालित यादव, निवासी- चंद्रहर, महुली, संतकबीर नगर।
जांच में यह भी सामने आया कि ठगी के इन पैसों से अभियुक्तों ने मकान, प्लॉट और अन्य अचल संपत्तियां अर्जित की थीं। पुलिस अन्य सह-अभियुक्तों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उनपर भी विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम- उप-निरीक्षक ललित कांत यादव और कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार।
