वार्ड 12 की सभासद नजमुस्सेहर ने सफाई कर्मियों को भेंट किए रेनकोट, पेश की मानवता की मिसाल!
वार्ड 12 की सभासद नजमुस्सेहर ने सफाई कर्मियों को भेंट किए रेनकोट, पेश की मानवता की मिसाल!
मगहर – संत कबीर नगर ।
नगर पंचायत मगहर के वार्ड नंबर 12 की सभासद नजमुस्सेहर ने संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। बारिश के मौसम में सफाई कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए उन्होंने अपने वार्ड के सफाई कर्मियों को रेनकोट भेंट किए हैं, जिससे नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रशासन नहीं दे पाया बुनियादी सुविधा-
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कार्यालय की ओर से क्षेत्र में काम करने वाले सफाई कर्मियों को बरसात से बचाव के लिए किसी भी प्रकार के रेनकोट या अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। ऐसे में तेज बारिश के दौरान वार्ड की साफ-सफाई बनाए रखना इन कर्मचारियों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था।
“हर मौसम में निष्ठा से ड्यूटी निभाते हैं सफाई कर्मी”-
सफाई कर्मियों की इस परेशानी को महसूस करते हुए सभासद नजमुस्सेहर आगे आईं और उन्होंने अपने निजी प्रयासों से वार्ड में कार्यरत दोनों सफाई कर्मियों—अबुल हसन और विष्णु दयाल को रेनकोट प्रदान किए।
इस दौरान सभासद ने कहा-
“हमारे वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मी हर मौसम—चाहे तेज गर्मी हो, कड़कड़ाती ठंड हो या भारी बारिश—अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना हम सबका नैतिक दायित्व है।”
कर्मियों ने जताया आभार-
सभासद से रेनकोट प्राप्त करने के बाद सफाई कर्मी अबुल हसन और विष्णु दयाल ने उनका दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके लिए बहुत उपयोगी साबित होगा और अब वे बिना किसी बाधा या परेशानी के बारिश के दौरान भी अपने कर्तव्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।

सभासद के इस सराहनीय कदम की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है और यह घटना स्थानीय नगर पंचायत प्रशासन के लिए एक बड़ा आईना साबित हुई है।
