परिवहन विभाग व यातायात पुलिस का संयुक्त अभियान, 20 ऑटो-ई-रिक्शा का चालान, 9 वाहन सीज।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच, 16 जुलाई।
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध व्यापक संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं अवैध स्टैंडों पर खड़े वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान में क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह यादव, यात्रीकर अधिकारी अवधराज गुप्ता तथा यातायात निरीक्षक राम प्रकाश यादव ने अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय रूप से अभियान का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने तिकोनिबाग चौराहा, हजूरपुर रोड सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों के दस्तावेज, यातायात नियमों के अनुपालन तथा अवैध रूप से संचालित स्टैंडों की जांच की।

कार्रवाई के दौरान करीब 20 ऑटो एवं ई-रिक्शा का चालान किया गया, जबकि 9 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। साथ ही अवैध स्थानों पर वाहन खड़े करने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए अधिकृत स्टैंडों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने, नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध स्टैंड संचालित करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार का संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करें तथा यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।
