रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिला
# रेलवे ट्रैक पर जांच करती जीआरपी व स्थानीय पुलिस. !
ब्यूरो चीफ दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच
रिसिया रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस एवं जीआरपी मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रिसिया रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में रिसिया–मटेरा रेल मार्ग पर स्थित समपार फाटक संख्या 51 के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान विजय बहादुर (30 वर्ष) पुत्र रामचंद्र, निवासी सिदिलपुर, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई।
बताया गया कि मृतक की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व थाना मटेरा क्षेत्र के लक्ष्मणपुर शंकरपुर निवासी गोपाल सिंह की पुत्री रेखा से हुई थी। दंपति के दो पुत्र रुद्र एवं कान्हा हैं। परिजन वर्तमान में रिसिया कस्बे में किराए के मकान में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, विजय बहादुर दो दिन पूर्व बहराइच जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय एवं चौकी प्रभारी बिहारी सिंह यादव मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जीआरपी बहराइच के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह को सौंप दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
