पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों में मारपीट, तीन गिरफ्तार।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच ।
रिसिया रेलवे स्टेशन चौराहे पर शुक्रवार को पैसों के लेनदेन के विवाद में फल विक्रेताओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे स्टेशन रोड पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे स्टेशन चौराहे पर फल विक्रेताओं के अतिक्रमण तथा ई-रिक्शा चालकों के अव्यवस्थित ठहराव के कारण अक्सर जाम लगा रहता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में अतिक्रमण के चलते आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष से महमूद अहमद पुत्र जमील अहमद, निवासी आजाद नगर, तथा द्वितीय पक्ष से रानू अहमद पुत्र कलीम, निवासी शास्त्री नगर और शिबू पुत्र अली हुसैन, निवासी शास्त्री नगर शामिल हैं।
चौकी प्रभारी बिहारी सिंह यादव ने बताया कि रेलवे स्टेशन चौराहे पर पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तीन लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
