बिजली की अघोषित कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय रिसिया का किया घेराव।
# धान की रोपाई प्रभावित, भीषण गर्मी में 18 घंटे तक बिजली कटौती से उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा।
ब्यूरो चीफ- दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। डॉ. शिवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने विद्युत उपखंड कार्यालय रिसिया का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से फुलवरिया, पटना, मीरपुर तथा मिर्जापुर फीडरों पर लगातार 18 घंटे तक बिजली की कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली न मिलने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को पेयजल संकट, घरेलू कार्यों में परेशानी तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सोमवार देर शाम भी ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने नगर की विद्युत आपूर्ति भी बंद करा दी, जिसके चलते देर शाम करीब चार घंटे तक नगर क्षेत्र की बिजली गुल रही। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शीघ्र व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन अगले दिन भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने मंगलवार को उपखंड कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. शिवेंद्र ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। किसानों की धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण व्यापक जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

ग्रामीण इंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि इस समय धान की रोपाई का कार्य चरम पर है। बिजली के अभाव में किसान अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने विभाग से तत्काल रोस्टर में सुधार कर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान एवं स्थानीय उपभोक्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
विद्युत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) रमेश मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के संचालन से विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा और अगले दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को बेहतर एवं नियमित बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि विभाग बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

