प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का मटेरा चौराहे पर भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
मटेरा बहराइच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का सोमवार रात्रि मटेरा विधानसभा क्षेत्र के मटेरा चौराहे पर प्रथम आगमन पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मटेरा विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कुंवर अरुण वीर सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, बुके एवं जयघोष के साथ दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि “चुनाव न तो केवल प्रत्याशी लड़ता है और न ही केवल पार्टी लड़ती है, बल्कि चुनाव कार्यकर्ता लड़ता है। कार्यकर्ता ही चुनाव जिताता है और कार्यकर्ता ही हार का सामना भी करता है। संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है। भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि है और संगठन की प्रत्येक उपलब्धि उसके अथक परिश्रम का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन देश का सबसे मजबूत संगठन है, जिसकी नींव बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं पर टिकी हुई है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की सेवा, राष्ट्रहित और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आगामी चुनावों में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश और देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और अनुशासन पर बल दिया तथा सभी से आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। स्वागत समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, सांसद डॉ. आनंद गौड़, जिला महामंत्री रण विजय सिंह, कुंवर करण वीर सिंह, सहयोगी विपुल बाबा, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख, रिसिया प्रमुख प्रतिनिधि संजय जायसवाल, पूर्व चेयरमैन राजेश निगम, डॉ. राजू निगम, महेश अग्रवाल, सरोज कुमार सिंह, रमा शंकर सिंह, रोहित लोकेश गुप्ता , एवं सभी मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ पूरे समय कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उनकी निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
पूरा मटेरा चौराहा भाजपा के झंडों, नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से गुंजायमान रहा। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
