आई.टी.एम, गीडा गोरखपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के छात्र शुभम पाण्डेय की अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि !
‘ब्रह्माण्ड – वॉल्यूम एक ’ का सफल लोकार्पण, अब अमेज़न एवं अमेज़न किंडल पर उपलब्ध।
गोरखपुर-
इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट , गीडा, गोरखपुर,के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के छात्र शुभम पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं अंतरिक्ष इतिहास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी प्रथम एकल अंतरराष्ट्रीय पुस्तक “ब्रह्माण्ड – वॉल्यूम एक: प्राचीन आकाश पर्यवेक्षकों से अंतरिक्ष युग तक – अंतरिक्ष का इतिहास (70,000 ईसा पूर्व – 2026 ईस्वी)” का सफलतापूर्वक लोकार्पण हो चुका है। यह पुस्तक अब अमेज़न एवं अमेज़न किंडल पर विश्वभर के पाठकों के लिए उपलब्ध है।
लगभग 570 से अधिक पृष्ठों में लिखी गई यह शोध-आधारित पुस्तक मानव सभ्यता की प्रारंभिक खगोलीय जिज्ञासाओं से लेकर आधुनिक अंतरिक्ष युग तक की ऐतिहासिक यात्रा का विस्तृत एवं तथ्यात्मक वर्णन प्रस्तुत करती है। पुस्तक में प्राचीन आकाश पर्यवेक्षकों, प्रारंभिक खगोल विज्ञान, रॉकेट प्रौद्योगिकी के विकास, अंतरिक्ष दौड़, चंद्र एवं मंगल अभियानों, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशनों तथा वर्ष 2026 तक की प्रमुख वैश्विक अंतरिक्ष उपलब्धियों का क्रमबद्ध और शोधपरक विवरण दिया गया है।
यह पुस्तक केवल अंतरिक्ष इतिहास का संकलन नहीं है, बल्कि विज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का एक प्रयास भी है। सरल भाषा, प्रमाणिक तथ्यों तथा विश्वसनीय संदर्भों के कारण यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, विज्ञान प्रेमियों तथा अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
इन्होंने रिमोट सेंसिंग, जी.आई.एस एवं अर्थ ऑब्जर्वेशन के क्षेत्र में इसरो, नासा एवं इ. एस. ए. से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान एवं तकनीकी लेखन के प्रति उनकी गहरी रुचि ने उन्हें इस महत्वपूर्ण शोध-आधारित कृति के लेखन के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक डॉ एन के सिंह ने संस्थान परिवार की तरफ से शुभम पाण्डेय की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे संस्थान, विभाग, गोरखपुर तथा उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया है। यह सफलता दर्शाती है कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार और साहित्य के क्षेत्र में भी विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकते हैं। इस अवसर पर विभाग अध्यक्ष डॉ दीप्ति ओझा, डॉ आर के सिंह, डॉ आशुतोष गुप्ता, डॉ मनोज मिश्रा एवं डॉ सुरेंद्र राय उपस्थित रहे।
ब्रह्माण्ड – वॉल्यूम एक ” का प्रकाशन शिवोहम पब्लिकेशन हाउस द्वारा किया गया है। यह शुभम पाण्डेय की अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक यात्रा का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है तथा भविष्य में “ब्रह्माण्ड” श्रृंखला के आगामी खंडों के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान एवं इतिहास के अन्य आयामों को भी पाठकों तक पहुँचाया जाएगा।
