आगामी त्योहार मुहर्रम को लेकर पुलिस की सख्त कार्रवाई ।
– ताजियादारों को शासन के आदेशों-निर्देशों से कराया गया अवगत, साथ ही विवादित लोगों को जारी किया गया ‘रेड कार्ड’ नोटिस।
संत कबीर नगर-
आगामी मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और किसी भी प्रकार के गतिरोध को रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
प्रमुख कार्रवाई एवं कड़े दिशा-निर्देश:-
ताजियादारों को शासन के नियमों से कराया अवगत: जनपद के समस्त थानों के हल्का प्रभारियों और बीट आरक्षियों (BPO) द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील गांवों और कस्बों का सघन भ्रमण किया गया। इस दौरान ताजियादारों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठकें कर उन्हें शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस और ऊँचाई व मार्गों से जुड़े नियमों की स्पष्ट जानकारी दी गई।
विवादित और शरारती तत्वों को ‘रेड कार्ड’ नोटिस:-
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले तथा पूर्व में विवादों में संलिप्त रहे उपद्रवी/विवादित व्यक्तियों को चिह्नित कर पुलिस द्वारा ‘रेड कार्ड’ (Red Card) नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ अत्यंत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पारंपरिक मार्गों और स्थलों का भौतिक सत्यापन:-
पुलिस बल द्वारा त्योंहार के मद्देनजर जुलूस निकालने वाले पारंपरिक मार्गों, ताजिया रखने के चौकों और संवेदनशील स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय कमेटियों से भी निरंतर संवाद बनाया जा रहा है।
पैदल गश्त और सोशल मीडिया पर निगरानी:-
शांति एवं सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस टीमों द्वारा कस्बों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया जा रहा है। इसके साथ ही, सोशल मीडिया सेल को भी एक्टिव कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाह पर तत्काल एक्शन लिया जा सके।
प्रशासन की अपील:-
संतकबीरनगर पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
