खजनी में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से ड्राइवर की मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
खजनी- गोरखपुर ।
खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम सिसई निवासी 22 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना में मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह जाखा भट्ठे के पास उस समय हुई जब युवक मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को चला रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिसई, पोस्ट रामपुर पांडेय निवासी विकास कुमार (22 वर्ष) पुत्र सुभाष चंद्र जाखा भट्ठे पर मिट्टी ढुलाई का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जेसीबी से ट्रॉली में मिट्टी लादने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही खजनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक विकास कुमार दो भाइयों में बड़े थे। उनकी माता विद्यावती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
खजनी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
