संत कबीर नगर के मेधावियों का बजा डंका: लखनऊ में CM योगी तो कलेक्ट्रेट में DM और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया मान, मिला मेडल और नकद पुरस्कार ।
संतकबीर नगर ।
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन गौरव से भरा रहा। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित मुख्य समारोह में जहां माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने होनहारों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया, वहीं इसी कड़ी में संत कबीर नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में भी एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, मेंहदावल के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

लोक भवन से लाइव जुड़े छात्र और अधिकारी-
समारोह के दौरान लोक भवन, लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण (लाइव) दिखाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सहित उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के प्रेरक विचारों को सुना। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जी ने सभी मेधावियों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

मेडल, सर्टिफिकेट और नकद पुरस्कार पाकर खिले चेहरे –
जनपद स्तर पर आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथियों और अधिकारियों द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को चमकते मेडल, प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) ,पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाते ही छात्र-छात्राओं के चेहरों पर सजी मुस्कान और उनकी आंखों में भविष्य के बड़े सपने साफ देखे जा सकते थे। इस सम्मान ने बच्चों के भीतर एक नई ऊर्जा का संचार किया है।
अतिथियों का संदेश:-
“यह सम्मान सिर्फ एक शुरुआत है। हमारे जनपद के बच्चों में अदम्य प्रतिभा है और आज का यह दिन उनके कठिन परिश्रम का प्रतिफल है। हमें पूरा विश्वास है कि ये बच्चे भविष्य में देश के विकास में अपना अहम योगदान देंगे।”

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति –
इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बनने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) हरिश्चंद्र नाथ, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक गण, मेधावी छात्रों के गर्व से भरे अभिभावक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने करतल ध्वनि से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
