मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्पन्न हुआ 705 कन्याओं का विवाह
*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्पन्न हुआ 705 कन्याओं का विवाह*
*ब्यूरो चीफ दिलशाद अहमद*
*आज का भारत लाइव*

बहराइच 15 दिसम्बर 2018। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत गेंद घर मैदान में मुख्य अतिथि सांसद बहराइच डॉ आनन्द कुमार गोंड ने एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक बलहा सरोज सोनकर, विधायक सदर अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि ब्लाक प्रमुख शिवम् जायसवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, ब्लाक प्रमुख रिसिया संजय जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार व अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों केे साथ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान पात्र कुल 705 कन्याओं जिनमें 94 जोड़े अल्पसंख्यक (मुस्लिम समुदाय) के हैं, जिनका विवाह उनकी सामाजिक/धार्मिक मान्यता एवं परम्परा/रीति-रिवाज के साथ सम्पन्न हुआ। सामूहिक विवाह समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य व संभ्रान्तजन द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी ईश्वर से प्रार्थना है कि वर-वधू सम्पूर्ण जीवन खुशहाल ज़िन्दगी बसर करें और इनके जीवन में कोई कष्ट न आए। अतिथिगण ने विवाह वेदी, जयमाल पण्डाल तथा निकाह घर में जाकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया तथा उपहार भेंट कर उन्हें विदा किया।
वैवाहिक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद डॉ. गोंड व अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की समस्त योजनाओं का संचालन गरीब जनता के लिये किया जा रहा है। सरकार हर गरीब तक योजनाओं को पहँुचाने के लिये प्रतिबद्ध है इसके लिए मैं प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समस्त बहराइच की जनता की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। सांसद डॉ. गोंड ने कहा कि इस योजना के सुचारू संचालन के लिए बजट की पर्याप्त व्यवस्था के साथ ही बजट की धनराशि दोगुनी करते हुए इस वर्ष प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की गयी है तथा प्रदेश की एक लाख गरीब कन्याओं का विवाह कराने के लिए जनपदो के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कार्यक्रम के अन्त में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय द्वारा आभार ज्ञापित किया गया।
