परशहर पूर्वी गांव में लगी भीषण आग में तीन आशियाने जलकर राख
धनघटा, सन्तकबीर नगर।
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत परशहर पूर्वी गांव में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने तीन सगे भाइयों का आशियाना उजाड़ दिया। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने रिहायशी छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में हजारों रुपये मूल्य के सामान आग की भेंट चढ़ गए।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओंकार प्रसाद, प्रताप राजभर तथा राम आसरे राजभर पुत्र भदई के रिहायशी छप्परों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में तीनों छप्पर धू-धू कर जलने लगे। घटना के समय परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गईं।आग लगते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और बाल्टी, पाइप तथा हैंडपंप के सहारे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के अन्य घरों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक तीनों भाइयों का रिहायशी छप्पर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

ग्रामीणों ने बताया कि यही छप्पर तीनों भाइयों का एकमात्र आशियाना था। आग लगने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। वही मौक में हल्का लेखपाल पहुंचकर जले हुए सामानों की आंकलन किया है।
