विश्व रेडक्रॉस दिवस:- डीएम ने बांटी पोषण पोटली, सीएमओ ने किया रक्तदान।
यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी’ (मानवता के लिए एकजुट) थीम पर हुए विविध आयोजन।
बहराइच जिले में 25 टीबी ग्रसित बच्चों को लिया गया गोद, डीएम ने स्वयं दो बच्चों का उठाया जिम्मा ।
सीएचसी पर लगे स्वास्थ्य शिविर, कुपोषित बच्चों को बांटे गए फल ।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच ।
मानवता, सेवा और बंधुत्व के संदेश के साथ गुरुवार को जिले में विश्व रेडक्रॉस दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम ‘यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी’ यानी “मानवता के लिए एकजुट” रही, जिसका उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सहायता करना तथा जाति, धर्म, भाषा और सीमाओं से ऊपर उठकर समाज में मानवता, सेवा और बंधुत्व की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान और जरूरतमंदों की मदद से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने किया। डीएम ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित करते हुए कहा कि इस बीमारी से लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग और बेहतर पोषण से भी जीती जा सकती है। इस दौरान कुल 25 टीबी ग्रसित बच्चों को गोद लिया गया, जिनमें से दो बच्चों के उपचार और पोषण का संकल्प स्वयं जिलाधिकारी ने लिया।
उधर, सोसायटी के सचिव एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने मेडिकल कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान कर मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
इस मौके पर रेड क्रॉस सोसायटी की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य पुत्तीलाल बाजपेयी ने संस्था के गौरवशाली इतिहास और सेवाभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रॉस आज भी मानव सेवा और आपदा सहायता का मजबूत माध्यम बना हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों को अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने स्नेहपूर्वक फल वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बच्चों और उनके अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संगोष्ठी और स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर टीबी एवं गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही लोगों को नियमित जांच, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी बहराइच के आजीवन सदस्य सीएमएस डॉ. एम.एम. त्रिपाठी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एम.एल. वर्मा, डीएचईआईओ बृजेश सिंह, अस्पताल प्रबंधक मो. रिजवान, शरद श्रीवास्तव और स्टाफ नर्स सीमा सहित सीफार संस्था के प्रतिनिधि व कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
