बारात से लौट रही कार और ट्रक में हुई जोरदार भिड़ंत, 1 की मौत, 3 गम्भीर रूप से घायल।
गाड़ी चला रहे दूल्हे के जीजा की मौके पर हुई मौत, घर की खुशियां मातम में बदली।
संतकबीर नगर।
जनपद संत कबीर नगर अन्तर्गत कोतवाली खलीलाबाद के भगता में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें शादी कराकर घर वापस आ रही कार और सामने से आ रही ट्रक की इतनी जबरदस्त टक्कर हुई जिसमें कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा कार में सवार दूल्हा , दूल्हन और भांजी – 3 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, धनघटा थाना क्षेत्र के हैंसर निवासी अजय सोनी पुत्र रामकरन वर्मा की शादी दुधारा थाना क्षेत्र के दानोंकुइया निवासी ध्रुवचंद्र सोनी की पुत्री बबीता सोनी के साथ 21 अप्रैल को बस्ती जनपद के एक मैरिज हाल में सम्पन्न हुई, 22 अप्रैल को विदाई के बाद दूल्हा अजय वर्मा अपने परिवार के साथ कार से घर वापस लौट रहा था।


बताया जा रहा है कि कार को दूल्हे के जीजा संतोष सोनी पुत्र शंभू सोनी निवासी पैकवालिया, थाना गौर (जनपद बस्ती) चला रहे थे। जैसे ही वाहन संतकबीर नगर के धनघटा मार्ग पर महुली थाना क्षेत्र के भगता गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने – सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष सोनी (दूल्हे का जीजा- कार चालक) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं कार में सवार दूल्हा अजय वर्मा (26 वर्षीय), दुल्हन बबिता सोनी (22 वर्षीय) और नैना सोनी (20 वर्षीय) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला संयुक्त चिकित्सालय संत कबीर नगर भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
