क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई गोरखपुर द्वारा मगहर में किया गया विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।
मगहर – संतकबीर नगर।
विश्व विरासत दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई गोरखपुर द्वारा जनपद संतकबीर नगर अंतर्गत संत कबीर की निर्वाण स्थली मगहर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें संत कबीर आचार्य राम विलास इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जिन्होंने छायाचित्र प्रदर्शनी, व्याख्यान और स्मारकों भ्रमण किया। गोष्ठी के माध्यम से छात्रों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से वक्ताओं ने परिचय कराया।
विरासत और पहचान पर चर्चा-
कार्यक्रम के तहत आयोजित संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण मोहन दुबे व क्षेत्रीय पुरातत्त्व अधिकारी गोरखपुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विरासत केवल अतीत के अवशेष नहीं हैं, बल्कि वे हमारी पहचान और भविष्य के मार्गदर्शक हैं। वर्ष 2026 के वैश्विक विषय “संघर्षों और आपदाओं के संदर्भ में जीवित विरासत” पर चर्चा करते हुए बच्चों को बताया गया कि कैसे प्राकृतिक आपदाओं या संकट के समय हमें अपनी स्थानीय परंपराओं और स्मारकों की रक्षा करनी चाहिए।
स्मारक भ्रमण और फोटो प्रदर्शनी –
सत्र के उपरांत सभी 300 विद्यार्थियों को संत कबीर दास स्मारक परिसर का भ्रमण कराया गया। पुरातत्त्व विभाग के विशेषज्ञों ने बच्चों को स्मारक की स्थापत्य कला, ईंटों की बनावट और ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण पुरास्थलों और उत्खनन से प्राप्त पुरावशेषों को भी प्रदर्शित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ इस प्रकार के व्यावहारिक भ्रमण से विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व का भाव जागृत होता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपनी विरासत को स्वच्छ रखने और उसे संरक्षित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई गोरखपुर विजय कुमार त्रिपाठी, दुर्गेश कुमार सिंह, किशन लाल, विजय कुमार शुक्ला, अतुल कुमार शुक्ल आदि के अलावा संतोष कुमार सिंह, राम कुंवर मौर्य, गौरव प्रताप सिंह यादव आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे।
