डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला पर्यावरण समिति की बैठक।
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला पर्यावरण समिति की बैठक।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 18 अप्रैल।
शुक्रवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति तथा जिला गंगा संरक्षण समिति की संयुक्त बैठक जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद से बहने वाली सरयू नदी को स्वच्छ रखने, ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट, परिसंकटमय अपशिष्ट, औद्योगिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले अपशिष्ट, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन,सीवेज प्रबंधन, एसटीपी, सरयू में गिरने वाले अपशिष्ट जल को फाइटोरिमोडिएशन अथवा बायो रेमिडियेशन से उपचारित करने, वृक्षारोपण अभियान 2026 के सफल क्रियान्वयन आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर व्यापक चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त टीएसए प्रतिनिधि हर्षित सिंह द्वारा समिति को दी गई जानकारी के क्रम में सरयू नदी में प्रवास कर रहे कछुओं को संरक्षित किए जाने हेतु समिति के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
डीएम श्री त्रिपाठी ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व एवं प्रयास से उत्तर प्रदेश में वन महोत्सव अब जन आन्दोलन का स्वरूप ले चुका हैं। इसलिए सभी अधिकारी आमजन व विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित कर पौधरोपण अभियान 2026 को सफल बनाने में सहयोग करें। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया पौधरोपण 2025 में जो पौधे मृत हो गए हो उनके स्थान पर नए पौधों का रोपण वन विभाग से पौध प्राप्त कर करे ताकि जीवितता प्रतिशत बनी रहे।
बैठक में अतिरिक्त प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच द्वारा कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत किए गए कृषकों के पंजीकरण एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रीन चौपाल बैठकों के माध्यम से आम जनमानस में पर्यावरण संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित कर समिति को अवगत कराया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुंदरेशा, प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय शर्मा, ईओ श्रीमती प्रमिता सिंह सहित नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, डीसी मनरेगा अभिषेक कुमार सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जनपद के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
