वैभव वर्मा हत्याकांड, सहजनवां में वर्मा समाज व व्यापारियों का कैंडिल मार्च, दोषियों को फांसी देने की उठी मांग।
सहजनवां – (गोरखपुर)।
खजनी कस्बे के सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा के अपहरण के बाद हुई नृशंस हत्या से क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सहजनवा में वर्मा समाज एवं व्यापारियों ने संयुक्त रूप से कैंडिल मार्च निकालकर मासूम वैभव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों को कठोरतम सजा दिए जाने की मांग की।
हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े संदेश लिए लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से कैंडिल मार्च निकाला। मार्च के दौरान “वैभव को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने कहा कि मासूम की जिस तरह बेरहमी से हत्या की गई, उसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी जघन्य घटनाओं के दोषियों के खिलाफ त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अपनाते हुए उन्हें फांसी जैसी कठोर सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी वारदात करने का साहस न कर सके।
कैंडिल मार्च में प्रमुख रूप से अनिल वर्मा, राजकुमार वर्मा, ध्रुव कुमार, संजीव सहित वर्मा समाज एवं व्यापार मंडल के अनेक लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वैभव वर्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
