तार चोर गैंग का पर्दाफाश: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, 4 साथी भी गिरफ्तार !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच-
नानपारा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली के तार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को सरयू नहर की पटरी पर पुलिस और बिजली तार चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में बिजली के तार चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए एसओजी और थाना नानपारा पुलिस की संयुक्त टीमों को लगाया गया था। पुलिस के मुताबिक टीमों द्वारा लगातार संदिग्धों की तलाश और घटनाओं की जांच की जा रही थी।
इसी क्रम में 8 अगस्त को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली तार चोरी करने वाला गिरोह चोरी के माल को ठिकाने लगाने तथा एक अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर की पटरी पर एकत्र है। सूचना मिलते ही नानपारा पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में कदीर पुत्र शफीक निवासी सिद्दबही, थाना माती, जनपद बाराबंकी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कदीर के खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मुकदमों की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मौके से उसके चार अन्य साथियों कृष्णा कुमार, कुलदीप गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता और उदयराज चौहान, सभी निवासी खारोह, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर, को गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
बरामदगी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मारुति ईको कार, चोरी किए गए बिजली के तारों के कई बंडल तथा तार काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस
अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव सहित पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और फरार आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
*पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव* ने बताया कि बिजली के तार चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के लिए निर्देशित किया गया था। संयुक्त टीम की कार्रवाई में गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा गया है। एक आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, बीती रात नानपारा क्षेत्र में बिजली के तार काटकर चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले में थाना नानपारा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था
