‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कुट्टू का आटा, पनीर और तिल के तेल का सैंपल लेकर दिए गए सुधार नोटिस !
संतकबीरनगर !
आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर आम जनता को मिलावटमुक्त और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश और सहायक आयुक्त (खाद्य) सतीश कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष “शुद्ध ही शुभ है” अभियान के तहत आज विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की।
कई ठिकानों पर छापेमारी और सैंपल संग्रह –
अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने निम्नलिखित कार्रवाई को अंजाम दिया:
कुट्टू आटा निर्माण यूनिट –
टीम ने गोला बाजार स्थित ‘गणेश गृह उद्योग’ की कुट्टू आटा निर्माण यूनिट पर छापा मारकर कुट्टू आटे का एक नमूना संग्रहित किया। परिसर में साफ-सफाई की कमी और अन्य खामियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी की गई।
पनीर भंडार:
धनघटा के गिथनी बाजार स्थित ‘विजय पनीर भंडार’ के प्रतिष्ठान पर औचक निरीक्षण कर पनीर का एक सैंपल लिया गया। यहां भी साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी मिलने पर सुधार नोटिस दी गई।

तिल का तेल निर्माण इकाई:
उमरिया पांडे स्थित ‘अनुपम ऑर्गेनिक’ निर्माण इकाई से तिल के तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया।
प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, होगी विधिक कार्रवाई !
खाद्य विभाग की टीम ने कुल 3 नमूने संग्रहित किए हैं, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगे की कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए इस तरह के औचक अभियानों से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
इस छापामार कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी.के. राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार व सच्चिदानंद गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

