प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा !
जनप्रतिनिधियों से पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण कराकर जनोपयोग में लाया जाय !
शरदऋतु के दृष्टिगत संरक्षित गोवंशों के लिए किये जायें उचित प्रबन्ध !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 24 नवम्बर।
मा. राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों एवं दोषपूर्ण ट्रांसफार्मर को निर्धारित अवधि में बदलने तथा आमजन के फोन अटैण्ड करने के निर्देश दिये। प्रभारी मंत्री ने कहा कि विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूर्ण कर जनोपयोग में लाया जाय ताकि आमजन को राहत मिल सके। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि सड़कों एवं पुलों के निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा कराएं। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि पूर्ण हुई परियोजनाआंें का मा. जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण कराकर जनोपयोग में लाया जाय तथा नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी जनप्रतिनिधियों से कराया जाय।
निराश्रित गोवंश का संरक्षण एवं भरण पोषण सरकार की शीर्ष प्राथमिकता को दृष्टिगत रखते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गोवंशों को ठड से बचाव के लिये उन्हें पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार जिसमें प्रचुर मात्रा में कार्बाेहाइड्रेट उपलब्ध कराया जाय साथ ही पीने के लिए स्वच्छ ताजे जल का प्रबन्ध किया जाय। जिले के गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा व दाने के साथ नमक व गुड भी उपलब्ध कराया जाय। आश्रय स्थलों में शीत लहर के प्रभाव को रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के लिये शेड को जूट के बोरे/तिरपाल से कवर किया जाय। इसके लिये विभिन्न संस्थाओं के पास उपलब्ध अनुपयोगी बोरा/टाट आदि को गौ आश्रय स्थलों पर उपलब्ध कराकर प्रयोग में लाया जाय।

मा. प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा सुझाव दिया गया है कि गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए समुचित प्रबन्धन एवं निरन्तर निगरानी के साथ साथ पशु शेडों के आस पास सुरक्षित ढंग से अलाव की भी व्यवस्था की जा सकती है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार चारा, चोकर, भूसी के साथ-साथ हरा चारा उपलब्ध कराया जाय। पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से गो आश्रय स्थलों का भ्रमण कर संरक्षित गोवंशों को आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध करायी जाय।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्धारित मूल्य पर नियमानुसार कृषकों को सुविधाजनक ढंग से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ-साथ उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाय। श्री सिंह ने सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनपद में प्राप्त होने वाली उर्वरक तथा वितरण की सूचना से जनप्रतिनिधियों को भी अवगत करायें साथ उर्वरक पर भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सब्सिडी का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य, उद्यान, आवासीय योजनाओं, विभिन्न प्रकार की पेंशन एवं छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जनसमस्याओं के निस्तारण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि फरियादियों की ओर से प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण कराया जाय। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण मा. मुख्यमंत्री जी शीर्ष प्राथमिकताओं में है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत जनपद में संचालित धान एवं मक्का खरीद की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए खरीद व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि उपज की खरीद में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ बहराइच सुन्दरेशा, कतर्नियाघाट के अपूर्व दीक्षित, एडीएम अरूण कुमार, सीआरओ सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, सीएमओ डॉ संजय कुमार, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ संजय खत्री, डीडीओ राज कपूर सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
