संतकबीरनगर: CISF स्टाफ बनकर की गई साइबर ठगी के 31,285 रुपये पीड़ित के खाते में वापस, मेंहदावल पुलिस की बड़ी कार्रवाई !
संतकबीरनगर ।
साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम’ अभियान के तहत मेंहदावल थाना क्षेत्र की साइबर हेल्प डेस्क टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित के खाते में 31,285 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मेंहदावल थाना क्षेत्र के सांडे कला निवासी नागेंद्र प्रताप सिंह (पुत्र राम सूरत सिंह) के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कॉलर ने खुद को CISF का स्टाफ बताकर पीड़ित को झांसे में लिया और उनके खाते से धोखाधड़ी कर 31,285 रुपये उड़ा लिए। हकीकत का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरक्षी संदीप कुमार गौतम और आरक्षी सौरभ कुमार ने तत्काल संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और तकनीकी विश्लेषण के जरिए रकम को होल्ड कराया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन और साइबर टीम का आभार जताया है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह, का. संदीप कुमार गौतम, का. सौरभ कुमार, का. अमित कुमार और म.आ. अंशिका तिवारी शामिल रहे।
पुलिस की जनता से अपील-
जनपद पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है:
अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, कॉल या संदेश पर बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें।
यदि कोई फोन पर रिश्तेदार या परिचित बनकर पैसों की मांग करे, तो वीडियो कॉल या अन्य माध्यम से पहचान की पुष्टि किए बिना पैसे न भेजें।
ठग अक्सर आवाज बदलकर या भावनात्मक दबाव बनाकर धोखाधड़ी करते हैं।
किसी भी संदिग्ध लेनदेन या साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
