लाइब्रेरी एसोसिएशन 12अक्टूबर को लखनऊ में देगा धरना !
संत कबीर नगर।
उत्तर प्रदेश लाइब्रेरी एसोसिएशन द्वारा पुस्तकालय विज्ञान से प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर आज लखनऊ में शांति पूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश भर से पुस्तकालय विज्ञान के अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) कार्यालय के पास एकत्रित हो कर ईको गार्डन पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में धरना देंगे।
उक्त बातें संगठन के महामंत्री विनोद कुमार मिश्रा ने विज्ञप्ति में कहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में रोजगार की प्रतीक्षा करते हुए लगभग 17 वर्ष बीत चुके हैं लेकिन अभी तक भर्ती,नियमावली और पद सृजन से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पुस्तकालय विज्ञान में डिग्री एवं प्रशिक्षण प्राप्त हजारों युवा लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं।भर्ती नहीं होने से तमाम अभ्यर्थियों की आयु निर्धारित सीमा के निकट पहुंच चुकी है।जिससे रोजगार के अवसर लगातार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी मांगों को सरकार एवं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने प्रदेश के समस्त पुस्तकालय विज्ञान प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे 12 अक्टूबर को ईको गार्डन लखनऊ में पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील किया है।
