संत कबीर नगर- धनघटा । नगर पंचायत की टीम ने धार्मिक स्थल की भूमि को किया कब्जा मुक्त ।
– हैंसर बाजार स्थित हशेश्वर नाथ मंदिर में कब्जा मुक्त भूमि पर बनेगा धर्मशाला- धीरज सिंह (ईओ)
धनघटा, सन्तकबीरनगर।
हैंसर बाजार स्थित हशेश्वर नाथ मंदिर के दक्षिण स्थित आबादी की भूमि पर बुधवार को नगर पंचायत की टीम ने कब्जा मुक्त करवा दिया। कब्जा मुक्त भूमि पर धर्मशाला का निर्माण भी शुरू करा दिया गया। यह कार्रवाई प्रदेश में चल रही वंदन योजना के तहत की गई है। योजना के तहत नगर पंचायत हैंसर धनघटा में स्थित पौराणिक व ऐतिहासिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास करना है।

हैंसर बाजार स्थित हशेश्वर नाथ मंदिर के निकट आबादी की भूमि पर कुछ लोगो द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। नगर पंचायत की टीम ईओ धीरज सिंह के नेतृत्त्व में बुधवार को पहुंची। मंदिर के निकट (दक्षिण) स्थित आबादी की भूमि पर अवैध कब्जा को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी। इस दौरान जमीन पर बुलडोजर चलता देख कुछ लोग विरोध करते हुए मौके पर पहुंच कर भूमि का कागजात भी दिखाया लेकिन टीम द्वारा चली एक घण्टे की कार्रवाई में भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया। इस दौरान हल्का लेखपाल भी मौजूद थे। भूमि पर अपना कब्जा जताने वाले अवधेश कुमार भारती, परितोष कुमार भारती, योगेंद्र भारती ने नगर पंचायत की टीम से कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई। एक घण्टे तक चली इस कार्रवाई में कब्जा मुक्त जमीन पर जेसीबी मशीन द्वारा धर्मशाला निर्माण हेतु पिलर की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर नागरिकों की भीड़ जुट गई। इस संबन्ध में ईओ धीरज सिंह ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। मंदिर के निकट आबादी की भूमि को कब्जा मुक्त कर उस पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाले का निर्माण किया जाना है। कहा कि क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के लिए वंदन योजना चलाई जा रही है।

