पुलिस ने 211 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मोबाइल संचालकों को किया सुपुर्द।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
सहयोगी – सफी खान।
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद बहराइच पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न कंपनियों के 211 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹58,25,300 बताई गई है। रविवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बहराइच पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण तथा समस्त क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में सर्विलांस टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।

अभियान के दौरान भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग की गई तथा सभी थाना क्षेत्रों के समन्वय से सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रेडमी, टेक्नो, वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 211 गुमशुदा मोबाइल सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
मोबाइल धारकों ने पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस टीम के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल में ‘संचार सारथी’ ऐप डाउनलोड करें तथा मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर भी रिपोर्ट करें। इससे मोबाइल के IMEI को ब्लॉक कर उसकी ट्रैकिंग और बरामदगी की प्रक्रिया को तेज किया जा सकता है।
बहराइच पुलिस की इस कार्रवाई को गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
(विश्वजीत श्रीवास्तव- पुलिस अधीक्षक बहराइच)
