पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, चालक-क्लीनर सुरक्षित; पेट्रोल लेने के लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़ !
शिपुरा मोड़ के पास हुआ हादसा, डिब्बे और बाल्टियां लेकर पहुंचे लोग; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा थाना क्षेत्र के शिपुरा मोड़ के पास शनिवार सुबह करीब पांच बजे पेट्रोल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर सुरक्षित बच गए। वहीं, टैंकर पलटने और पेट्रोल बहने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और बच्चों की भीड़ जुट गई। कई लोग डिब्बे और बाल्टियां लेकर पहुंचे और टैंकर से पेट्रोल निकालकर ले जाने लगे।

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल से भरा टैंकर बहराइच की तरफ से आ रहा था। शिपुरा मोड़ के पास अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टैंकर पलटने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे। कुछ लोग अपने साथ डिब्बे और बाल्टियां लेकर आए और टैंकर से पेट्रोल निकालने लगे।
पेट्रोल लेने के लिए जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा –
टैंकर पलटने के बाद पेट्रोल बहने से घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करना चुनौती बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से हटाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की।
सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है कि ऐसे हादसों के दौरान लोग घटनास्थल से दूरी बनाए रखें। पेट्रोल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है और रिसाव के दौरान आग लगने का गंभीर खतरा बना रहता है। ऐसे में पेट्रोल एकत्र करने के लिए भीड़ जुटाना जानलेवा साबित हो सकता है।
