मिशन शक्ति अभियान के तहत बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित, महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
सहयोगी – सफी खान
आज का भारत लाइव
बहराइच।
मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद बहराइच के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन, चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं पर होने वाले अपराधों की पहचान, उनसे बचाव के उपाय तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा) तथा 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी साझा की गई। मानव तस्करी एवं बाल तस्करी जैसे अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के सरल एवं प्रभावी तरीके भी समझाए, जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा कर सकें।
बहराइच पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
