रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच, 30 अप्रैल।
महिला महाविद्यालय बहराइच में भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित पंच दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रेंजर्स प्रभारी डॉ. रीमा शुक्ला ने स्काउट ध्वज फहराकर एवं स्काउट झंडा गीत के साथ किया।शिविर के दौरान रेंजर्स को स्काउटिंग का इतिहास, उद्देश्य, विभिन्न प्रकार की गांठ एवं बंधन, साथ ही स्काउट तालियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर रेंजर्स की टोलियों ने महाविद्यालय परिसर में शिविर लगाकर रंगोली बनाई तथा सीमित संसाधनों में भोजन तैयार कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को मनमोहक बना दिया।समारोह के मुख्य अतिथि किसान डिग्री कॉलेज के विभागाध्यक्ष प्रो. नीरज पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाला समय स्त्री शक्ति का है, ऐसे में छात्राओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षित होने के साथ-साथ संस्कारित और जागरूक बनने की प्रेरणा दी।रेंजर्स प्रभारी डॉ. रीमा शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण श्रम, सामूहिकता और मानवता की भावना को विकसित करता है, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा—“दुनिया में वही शख्स है ताज़ीम के काबिल,जिसने हालात का रुख मोड़ दिया हो।”

कार्यक्रम में रेंजर्स का दीक्षा समारोह भी संपन्न हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रिया मुखर्जी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें समाज की रीढ़ बताते हुए आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने का संदेश दिया।अंत में सभी शिक्षकों ने रेंजर्स द्वारा तैयार भोजन ग्रहण किया और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। फ्लैग डाउन एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा।
