जमीन पर कब्जे और फर्जीवाड़े का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीरनगर-
जनपद अंतर्गत जमीन संबंधी विवाद में कथित धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
आपको बताते चले कि प्रार्थी सुभाष सिंह ने आरोप लगाया है कि उसकी पैतृक भूमि को लेकर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
आरोप है कि जमीन के मामले में गलत तरीके से अभिलेखीय कार्रवाई कराकर प्रार्थी के अधिकारों को प्रभावित किया गया है।
पीड़ित का कहना है कि मामले की जानकारी होने पर उसने संबंधित राजस्व अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका। शिकायती पत्र में गाटा संख्या 198 तथा लगभग 0.145 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख करते हुए जमीन के सीमांकन और अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे जान-माल की धमकी भी दी जा रही है। आरोपितों द्वारा गाली-गलौज और दबाव बनाने की बात भी शिकायत में कही गई है। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
इस संबंध में 2 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, विवादित भूमि की पैमाइश तथा कथित फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारी को आदेश किया की जांच कर उचित कार्रवाई करें।
