अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार की मौत ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर ।
धनघटा थाना क्षेत्र के मलौली स्थित पेट्रोल पंप के निकट राम जानकी मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गयी। यह घटना रविवार की रात लगभग दो बजे हुई। सूचना पर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे एसआई रामदरस यादव ने बाइक सवार को निकट सीएचसी हैंसर ले गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बाइक सवार व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम हैंसर निवासी 60 वर्षीय लालचंद पुत्र बंशु रविवार की रात लगभग दो बजे बाइक द्वारा धनघटा से घर लौट रहे थे। अभी वह मलौली पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे थे तभी सामने से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दिया। ठोकर लगने के बाद लालचंद सड़क पर गिर पड़े। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगो ने सड़क पर घायल व्यक्ति को देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लालचंद को तत्काल सीएचसी हैंसर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद लालचंद को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त होने के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गयी। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पति की असमय मौत से पत्नी जोन्हा देवी की दुनिया उजड़ गयी। घर पर मौजूद मृतक के बेटे शिवप्रसाद का रोरोकर बुरा हाल था। धर्मेंद्र कुमार, सुरेंद्र निषाद आदि लोगो ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
