संत कबीर नगर: संविधान दिवस पर खलीलाबाद में गूंजेगा ‘एक स्वर, एक संविधान’, करीब 3000 विद्यार्थी एक साथ पढ़ेंगे प्रस्तावना !
संतकबीरनगर ।
संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 26 नवंबर को जनपद में “एक स्वर, एक संविधान” अभियान के तहत सामूहिक संविधान प्रस्तावना पाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए खलीलाबाद स्थित हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज के ग्राउंड को स्थल चुना गया है, जहां जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 3,000 विद्यार्थी एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे।
सूचना विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सुबह 8:45 बजे शुरू होगा। इसके बाद निर्धारित समय सुबह 9:00 बजे सभी विद्यार्थी एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में संविधान के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत और विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देकर विधिक जागरूकता बढ़ाई जाएगी। यह आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के “संविधान संवाद” अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को संविधान की संरचना, अधिकारों, कर्तव्यों और विधिक सहायता से जोड़ा जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। यह पहल युवा पीढ़ी को संवैधानिक आदर्शों से जोड़ने, नागरिक चेतना जगाने और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
