खलीलाबाद: हीरालाल इंटर कॉलेज में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, सायरन बजते ही पसरा अंधेरा; दिखा आपदा बचाव का अभ्यास !
संत कबीर नगर !
संत कबीर नगर के खलीलाबाद स्थित हीरालाल इंटर कॉलेज परिसर में देर शाम ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी सदर हृदय राम तिवारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास के दौरान आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों और सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
शाम 6 बजे बजा सायरन, बुझीं बत्तियां –
आयोजन के तहत शाम करीब 6:00 बजे अंधेरा होने के बाद सायरन बजते ही कॉलेज परिसर की सभी लाइटें बंद कर दी गईं। इसके तुरंत बाद विभिन्न विभागों की टीमें सक्रिय हो गईं। मॉकड्रिल के दौरान मौके पर मौजूद स्काउट-गाइड, स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों ने नागरिकों व छात्रों को ब्लैकआउट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा त्वरित राहत और बचाव कार्यों का डेमो देकर समझाया।
जनहानि कम करने और समन्वय बढ़ाने पर जोर
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉकड्रिल से आपदा के समय होने वाली जनहानि व अन्य नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही, अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल और कार्यकुशलता भी बढ़ती है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, भविष्य के अभ्यासों में हिस्सा लें और दूसरों को भी जागरूक करें।

छात्रों की सहभागिता:
मॉकड्रिल में कॉलेज के विद्यार्थियों—रशीद, कृष्ण, अमित गुप्ता, आयुष, शीतल यादव, श्रेया यादव, सालवी, सोनी सहित अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


विभाग व अधिकारी: कार्यक्रम में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग और आपदा मित्रों की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान सहायक आयुक्त राज्य कर बृजेश कुमार सरोज व बुद्धप्रिय, ईओ नगर पालिका अवधेश भारती, अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार, आपदा सहायक कृष्णा गुप्ता व अखिलेश कुमार, प्रवक्ता रवि प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. मुबारक अली, योगेंद्र सिंह, स्काउट मास्टर मुकेश कुमार व आलोक पांडे तथा जिला संगठन कमिश्नर स्काउट रमेश चंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
