भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन !
विधायक सुरेश्वर सिंह बोले—सनातन धर्म में आज भी सर्वधर्म समभाव की भावना !
रामलीला के शताब्दी वर्ष में आयोजित हुआ राजगद्दी समारोह, दुर्गा पूजा विसर्जन में योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
कस्बा रिसिया स्थित पूर्वजों के धाम रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ करीब 14 दिनों से चल रही रामलीला का समापन हो गया। इस अवसर पर आयोजित राजगद्दी समारोह में मुख्य अतिथि महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से प्रतिमा विसर्जन में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित कर स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

रिसिया की रामलीला इस वर्ष अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि सनातन धर्म में आज भी सर्वधर्म समभाव की भावना विद्यमान है। सभी धर्मों का आदर और सम्मान करना हमारी परंपरा है। रिसिया दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से विसर्जन में सहयोग करने वाले लोगों का सम्मान किया जाना इसी सद्भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि समाज में सभी का सम्मान होना चाहिए और सरकार की मंशा के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास सुनिश्चित होना चाहिए।
समारोह में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की मनमोहक झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसका उपस्थित लोगों ने आनंद उठाया। आयोजन में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सद्भाव का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में दिवाकर पांडेय, पूर्व चेयरमैन राजेश निगम, डॉ. राजू निगम, चेयरमैन प्रतिनिधि रामू लाल, मदन गोपाल यज्ञसेनी, महेश अग्रवाल, राम गोपाल, कृष्ण कुमार अग्रहरि, मनीष गुप्ता, बाबादीन, अशोक गुप्ता, सरदार मंजीत सिंह, जगतजीत सिंह विक्की, कुंज बिहारी गोयल, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, अशोक कुमार शर्मा, राम प्रकाश, अजितजंय भारतीय, रितिक भारतीय, नंदन श्रीवास्तव और धर्मेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
