जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के फील्ड ट्रेनर्स का द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण सम्पन्न।
फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं दायित्वों की दी गई विस्तृत जानकारी।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 06 अक्टूबर।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अन्तर्गत फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरू कृपा डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित करते हुए प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य को टीम भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कर जनपद को उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में लाने में सहयोग प्रदान करें। डीएम ने कहा कि जनगणना कार्य के लिए सौंपी गई जिम्मेदारी को पूर्ण गंभीरता, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. नन्द किशोर शुक्ल, अमन श्रीवास्तव, अमित कुमार पाण्डेय व निमिश गुप्ता द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं के संकलन, परिवार एवं आवास संबंधी विवरणों के सत्यापन तथा जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को गंभीरता से समझकर आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को सरल एवं स्पष्ट रूप से प्रशिक्षित करें। जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शंका उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित जनगणना अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
