सेवा संकल्प अभियान में सीएचसी की सफाई, चेयरमैन पति ने खुद संभाली झाड़ू।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच ।
रिसिया सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रिसिया में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष पति रामू लाल ने अभियान में स्वयं झाड़ू लगाकर अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की। उनके इस प्रयास से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर सफाई की गई। रामू लाल ने कहा कि अस्पताल वह स्थान है जहां लोग इलाज और स्वस्थ होने की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में अस्पताल का वातावरण साफ-सुथरा और स्वच्छ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी नियमित जिम्मेदारी होनी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मचारियों की नहीं है। हम सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता में सहयोग करना चाहिए। सीएचसी में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ वातावरण मिले, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि अस्पताल परिसर में कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस दौरान डॉ. मिथलेश कुमार, अजितजंय भारतीय, श्रवण मित्तल, रीतिक भारतीय, सुधीश अग्रवाल, संजय चिरानिया, मोनू साहू, मोहित गुप्ता, अविनाश मिश्रा, सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अभियान के दौरान लोगों ने स्वच्छता को लेकर जागरूक रहने का संकल्प भी लिया।
