शिवबंकी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी की तीसरी वार्षिक आम सभा संपन्न।
किसानों की एकजुटता और वैज्ञानिक तकनीक से कृषि व्यवसाय को बढ़ाने पर जोर।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बाराबंकी, 25 सितंबर।
शिवबंकी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की तीसरी वार्षिक आम सभा शुक्रवार को जाटा ग्राम पंचायत के प्रथम विद्यालय परिसर में आयोजित हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कंपनी के शेयरधारक, निदेशक मंडल, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान कंपनी की प्रगति, वित्तीय स्थिति, किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्मिता श्रीवास्तव ने कंपनी के संरक्षक एवं प्रधान संघ अध्यक्ष सुनील यादव को मंच पर आमंत्रित कर किया। सभा को संबोधित करते हुए सुनील यादव ने कहा कि किसानों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता और सामूहिक प्रयास है। किसान उत्पादक कंपनी के माध्यम से किसान कृषि उत्पादन, कृषि सामग्री की खरीद, उत्पादों की बिक्री और बाजार से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से कंपनी से जुड़कर सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
किसानों को बाजार से जोड़ना कंपनी का उद्देश्य –
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामेन्द्र कश्यप ने वित्तीय स्थिति, वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल किसानों को जोड़ना नहीं, बल्कि उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, सामूहिक खरीद-बिक्री को बढ़ावा देना और कृषि आधारित व्यवसायों के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराना है।
निदेशक अतुल यादव ने किसानों की सक्रिय भागीदारी को कंपनी की सफलता के लिए जरूरी बताया। निदेशक राजकुमार ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास जब संगठन के माध्यम से एकजुट होते हैं तो उनका प्रभाव बड़े स्तर पर दिखाई देता है।
निदेशक साक्षी ने कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को भी कंपनी की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
मजबूत किसान संगठन बनाने पर जोर –
कंपनी के निदेशक एवं अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि शिवबंकी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी को किसानों का मजबूत संगठन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की प्रगति ही कंपनी की प्रगति है। उन्होंने उपस्थित किसानों, शेयरधारकों, कृषि वैज्ञानिकों और सहयोगी प्रतिनिधियों का आभार जताया।
भानु यादव ने किसानों और कंपनी के बीच बेहतर संवाद पर जोर देते हुए कहा कि गांव-गांव तक किसानों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझना जरूरी है। उन्होंने कंपनी को किसानों के सामूहिक संगठन के रूप में मजबूत करने की अपील की।

कृषि वैज्ञानिकों ने दी तकनीकी जानकारी –
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक राज रंजन और डॉ. अर्चित शुक्ला ने किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीक अपनाने तथा खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी मार्गदर्शन लेने की जानकारी दी। इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याएं और सवाल रखे। वैज्ञानिकों ने उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी।
किसानों एवं शेयरधारकों के दस्तावेजीकरण और पंजीकरण संबंधी कार्य अभिजीत सिंह व राहुल कुमार ने संभाले। महिलाओं से संबंधित पंजीकरण की जिम्मेदारी आकांक्षा वर्मा और राखी यादव ने निभाई। किसानों के लिए नाश्ते और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अवधेश ने संभाली।
सभा में सूरज (वावर), विशाल पाल, अभिजीत कुमार तथा टाइटन एग्रीटेक लिमिटेड के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। अंत में कंपनी की ओर से सभी किसानों, शेयरधारकों, वैज्ञानिकों, निदेशक मंडल, टीम सदस्यों और सहयोगी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।
