संतकबीरनगर में पुलिस का ‘ऑपरेशन मजनू’: दो दिनों में 295 मनचलों से भरवाया गया माफीनामा, 968 वाहनों के हुए चालान।
संत कबीर नगर-
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए संतकबीरनगर पुलिस ने जनपद में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मजनू’ चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए गए इस दो दिवसीय व्यापक अभियान का उद्देश्य स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सार्वजनिक मार्गों पर मनचलों पर शिकंजा कसना और आमजन को भयमुक्त वातावरण देना था।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शिक्षण संस्थानों के आसपास डेरा डालने वाले संदिग्ध युवकों और कम उम्र में वाहन चलाने वाले किशोरों की सघन चेकिंग की। इस दौरान पुलिस की ओर से की गई कड़ी कार्रवाई और आंकड़े इस प्रकार रहे-
295 मनचलों से माफीनामा:
अशोभनीय गतिविधियों और अनुचित रूप से घूमते पाए गए कुल 295 युवकों को कड़ी हिदायत देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने का माफीनामा भरवाया गया।
वाहन चेकिंग और चालान:
अभियान के दो दिनों में कुल 3,046 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन मिलने पर 968 वाहनों का चालान किया गया और 26 वाहनों को सीज किया गया।
वैधानिक कार्रवाई:
शांति व्यवस्था भंग करने और गंभीर गतिविधियों में लिप्त पाए गए 27 मजनुओं के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं (170/126/135) के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 05 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
अभिभावकों को दी गई हिदायत-
कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अभिभावकों को भी जागरूक किया। पुलिस ने समझाया कि बच्चों को समय से पहले वाहन चलाना उनके जीवन को खतरे में डाल सकता है।
सुरक्षित माहौल बनाने का संकल्प-
संतकबीरनगर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं का पीछा करने या उन्हें असहज करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि एक सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।
